मुंबई. ‘मुंबई हमरी बाप की है। यहां छाती ठोंक के रहेंगे। कोई मारपीट करेगा, तो वन बाय वन निपट लेंगे।’ सपा विधायक अबू आसिम आजमी के इस बयान पर शिवसेना प्रमुख बाल ठाकरे ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने पार्टी के मुखपत्र में लिखे संपादकीय में कहा है कि मुंबई का बाप मराठी माणूस था, है और रहेगा।
अन्य लोग शांति व सुख से रहें, परंतु यदि वे लड़ना चाहते हैं, तो उनकी मर्जी! ठाकरे ने आजमी को लताड़े हुए उन्हें मुसलमानों का स्वयंभू जिन्ना करार दिया है। शिवसेना प्रमुख ने कांग्रेस सांसद संजय निरुपम के उस बयान पर भी तीखी प्रतिक्रिया दी है। जिसमें उन्होंने कहा था कि यदि उत्तर भारतीयों ने एक दिन आराम दिया, तो मुंबई बंद पड़ जायेगी।
ठाकरे ने चेतावनी भरे लहजे में कहा है कि यदि वे मुंबई बंद करने या ठप्प करने पर गर्व महसूस करेंगे, तो फिर हम भी उनके गर्व को चूर करने का मौका क्यों गंवाये? उन्होंने आरोप लगाया है कि मुंबई, ठाणे, नवी मुंबई शहर में बड़े पैमाने पर फैले हिंदीभाषियों के कारण भूमिपुत्रों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। ठाकरे ने कहा है कि कृपाशंकर सिंह के लोगों ने यदि दूध बेचना बंद किया, तो मराठी भाषी का महानंद, आरे, गोकुल, वारणा जैसी डेअरी का दूध लोगों के उपलब्ध है।

No comments:
Post a Comment